आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना सुपेला क्षेत्र में तलवार लहराकर मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जप्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को प्रार्थी कुमार दास ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कोसा नगर स्थित अपने मकान की साफ-सफाई करने गया था। इसी दौरान उसका भाई अरूप दास घर आने की बात को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे धारदार हथियार से प्रार्थी पर प्राणघातक हमला करने का प्रयास किया।
आत्मरक्षा में प्रार्थी द्वारा हथियार पकड़ लेने पर आरोपी ने ईंट से मारपीट की, जिससे प्रार्थी की पीठ एवं बाएं हाथ की कोहनी में चोट आई। मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 202/2026 धारा 296, 115(2), 351 (3) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान आरोपी प्रणव कुमार दास (43 वर्ष), निवासी कोसानाला सांस्कृतिक भवन के पास, सुपेला को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है।
जप्त सामग्री : एक तलवार
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला विजय यादव के नेतृत्व में सउनि अमरदास गंगेले, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत एवं नागेश राय की सक्रिय भूमिका रही।
