खेल मैदान और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी गाड़ियों को बनाता था निशाना
भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में बढ़ती मोबाइल चोरी की वारदातों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भिलाई नगर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है, जो खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों से मोबाइल और अन्य सामान पार कर देता था। आरोपी के पास से विभिन्न कंपनियों के करीब 6 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से सेक्टर-7 भिलाई सहित अन्य इलाकों में क्रिकेट टूर्नामेंट और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान वाहनों से मोबाइल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। खासतौर पर स्कूटी और बाइक की डिक्की से मोबाइल, पर्स और जरूरी दस्तावेज गायब होने की घटनाएं सामने आई थीं। शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को शुभम श्रीवास (24) निवासी कातुलबोर्ड हरिनगर दुर्ग, स्थायी पता जबलपुर (मध्यप्रदेश) पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
मोबाइल अनलॉक कर खातों से उड़ाता था रकम
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को सामान्य लॉक पैटर्न के जरिए अनलॉक कर लेता था। इसके बाद मोबाइल में मौजूद बैंकिंग ऐप्स और डिजिटल पेमेंट माध्यमों का इस्तेमाल कर संबंधित खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर रकम निकाल लेता था। चोरी के पैसों से ही वह अपना खर्च चला रहा था।
टूर्नामेंट और परीक्षा केंद्र थे आसान टारगेट
पुलिस के अनुसार, भीड़भाड़ वाले खेल आयोजनों और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी गाड़ियों को आरोपी आसान निशाना मानता था। लोगों के व्यस्त रहने का फायदा उठाकर वह डिक्की खोलकर सामान पार कर देता था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई महंगे स्मार्टफोन बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल की कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
