भिलाई : न्यूज़ 36 : छावनी थाना क्षेत्र में अनैतिक देह व्यापार के मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए होटल मालिक और महिला रिसेप्शनिस्ट को गिरफ्तार किया है। मामला छावनी स्थित पावर हाउस क्षेत्र के एक लॉज/होटल का है, जहां लंबे समय से देह व्यापार संचालित होने की शिकायत मिल रही थी।
पुलिस के अनुसार 9 फरवरी को सूचना मिली थी कि छाया इन होटल में दलालों के माध्यम से युवतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत जांच शुरू की। मामले की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर होटल भेजा। जानकारी सही पाए जाने पर टीम ने होटल में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान होटल मालिक और रिसेप्शनिस्ट की संलिप्तता सामने आई। पुलिस का कहना है कि आरोपी दलालों के जरिए युवतियों को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार करवा रहे थे। मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनेश रॉय (56), निवासी छावनी, और सीता चौधरी (25), निवासी छावनी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 500 रुपए नकद जब्त किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उक्त लॉज के खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें मिलती रही थीं, जिसके चलते निगरानी बढ़ाई गई थी। साक्ष्य मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
आप की राय
[yop_poll id="1"]
