भिलाई : न्यूज़ 36 : वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने अपने क्षेत्र की महिलाओं के स्वास्थ्य और सुलभ चिकित्सा देखते हुए गर्भवती महिलाओं के लिए मात्र 1 रुपये में सोनोग्राफी की सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है। इस योजना का शुभारंभ15 फरवरी को महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए जीरो रोड शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में अवकाश दिवस छोड़ कर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक टोकन लेना होगा। टोकन लेने के लिए आधार कार्ड और चिकित्सक द्वारा दी गई रेफर पर्ची भी लाना होगा। टोकन मिलने के बाद मात्र 1 रुपये में सोनोग्राफी कराई जा सकेगी। 15 फरवरी के दिन ही एक और योजना का शुभारंभ होने जा रहा है जिसमें मात्र 1 रूपये में डायलिसिस भी होगा। इसके अलावा 25 दिसंबर से लगातार फ्री ब्लड टेस्ट सुविधा के तहत 31 प्रकार के टेस्ट हर दिन किए जा रहे हैं। इसके अलावा विधायक कार्यालय से 2 अप्रैल से मात्र 1 रुपये में पॉवर वाला चश्मा भी लोगों के लिए शुरू करने की घोषणा वो कर चुके हैं।
