कार छोड़कर भागे दो आरोपी, थाना भट्टी में एफआईआर दर्ज
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रतिबंधित क्षेत्र से स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है।
बीएसपी सुरक्षा बल CISF की त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ASI डोमाजी सातपुते (55 वर्ष), केऔसुब इकाई बीएसपी भिलाई, 03 फरवरी 2026 को प्रथम पारी (सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक) में जोरातराई गेट पर पारी प्रभारी के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सुबह लगभग 6:20 बजे, QRT कर्मियों को हुंडई सेंट्रो कार क्रमांक CG 04 E 9100 जल भवन के पीछे प्रोपेन प्लांट के सुनसान क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पूछताछ के लिए पहुंचने पर वाहन चालक कार लेकर भाग निकला। पीछा करने के दौरान OHP-A लोकेशन, SE रेलवे गेट के पास दो व्यक्ति कार छोड़कर फरार होने लगे। QRT कर्मियों ने दौड़ाकर पीछा किया और सुबह करीब 6:30 बजे एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि वाहन चालक झाड़ियों और धूल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम संतोष निषाद, पिता स्वर्गीय लखन निषाद, उम्र 35 वर्ष, निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर, भिलाई जिला दुर्ग बताया। उसके पास कोई वैध गेट पास नहीं था। पूछताछ में उसने बताया कि उसका साथी चॉकलेटी यादव कार की चाबी लेकर फरार हो गया, जिसके पास NSPCL कर्मचारी का गेट पास था। 8वाहन की तलाशी लेने पर कार से स्क्रैप कॉपर केबल बरामद हुई। कार की पिछली सीट के नीचे चोरी के उद्देश्य से बनाई गई विशेष कैविटी भी पाई गई। बरामद कॉपर केबल का वजन 210 किलोग्राम पाया गया।
बरामद सामग्री को बीएसपी भिलाई के जी.पी. कुरें, महाप्रबंधक (PBS) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां इसे बीएसपी की संपत्ति के रूप में पहचान करते हुए संपत्ति प्रमाण पत्र जारी किया गया। बरामद कॉपर केबल की अनुमानित कीमत ₹1,36,500 आंकी गई है।
इस संबंध में थाना भिलाई भट्ठी में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0022/26 के तहत आरोपी संतोष निषाद के विरुद्ध धारा 25-LCG, 26-LCG एवं 303(2)-BNS के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
