भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-8 (महामाया) ने हॉट मेटल उत्पादन के क्षेत्र में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करते हुए 15 नवम्बर 2026 को 22 मिलियन टन संचयी हॉट मेटल का उत्पादन का आंकड़ा पार कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि फर्नेस के निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन, परिचालन दक्षता और उत्पादन क्षमता का परिचायक है।
2 फरवरी 2018 को कमीशन किए गए ब्लास्ट फर्नेस-8 (महामाया) ने मात्र 3,208 दिनों में 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया। इसके साथ ही यह सेल की अन्य इकाइयों के समान क्षमता वाले फर्नेसों में सबसे कम समय में 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का आंकड़ा प्राप्त करने वाला फर्नेस बन गया है। उल्लेखनीय है कि फर्नेस ने 21 मिलियन टन से 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन तक का सफर मात्र 128 दिनों में पूरा किया। यह उपलब्धि फर्नेस के निरंतर बेहतर परिचालन प्रदर्शन, कार्यकुशलता और कार्मिकों के समर्पित प्रयासों को दर्शाती है।
इस उपलब्धि पर मुख्य महाप्रबंधक (आयरन) मनोज कुमार एवं मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) विवेक वर्मा ने ब्लास्ट फर्नेस बिरादरी को बधाई दी। उन्होंने टीम के समर्पण, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। साथ ही उत्पादकता, परिचालन दक्षता में और सुधार लाने तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बेहतर कार्य निष्पादन का क्रम बनाए रखने के लिए कार्मिकों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।
