टोल फ्री नंबर 1933 जारी, 500 ई-रिक्शा में किया गया चस्पा
दुर्ग : न्यूज़ 36 : मादक पदार्थों एवं इग्स के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत एक अहम पहल की है। आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए टोल फ्री नंबर 1933 जारी किया गया है, जिसके माध्यम से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों एवं गतिविधियों की सूचना सीधे पुलिस को दी जा सकती है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि टोल फ्री नंबर पर सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
जन-जागरूकता अभियान के तहत दिनांक 04 फरवरी 2026 को दुर्ग-भिलाई शहर में संचालित लगभग 500 ई-रिक्शा में टोल फ्री नंबर 1933 चस्पा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग विजय अग्रवाल द्वारा ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके साथ ही जिले के समस्त पुलिस वाहनों में भी यह टोल फ्री नंबर प्रदर्शित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंच सके। दुर्ग पुलिस का मानना है कि आम जनता की सक्रिय भागीदारी से नशे के अवैध नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
