दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले में मड़ई मेला, प्रमुख बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा 16 जनवरी से विशेष सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगर क्षेत्र के मड़ई मेला परिसर, मुख्य बाजार क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों का पुलिस बल तैनात रहा और लगातार निगरानी की गई।
एएसपी मणीशंकर चंद्रा ने बताया कि असामाजिक प्रवृत्ति के युवक सार्वजनिक स्थलों पर बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर अड्डेबाजी कर रहे थे। इस प्रकार की गतिविधियों से आम नागरिकों में भय का माहौल बन सकता था और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसे युवकों को चिन्हित किया और उनके विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया अपनाई। 450 लोहे के कड़े उतरवाए गए। उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
