Tuesday, February 3, 2026

मोबाइल गुम होने का उठाया लाभ, UPI से 1.23 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

बिहार के कैमूर जिले से पकड़कर दुर्ग लाया गया आरोपी

भिलाई : न्यूज़ 36 : मोबाइल फोन गुम होने के बाद ऑनलाइन भुगतान माध्यम का दुरुपयोग कर 1 लाख 23 हजार 900 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना छावनी पुलिस द्वारा की गई, जिसमें आरोपी को बिहार के कैमूर जिले से पकड़कर दुर्ग लाया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 06 मार्च 2024 को प्रार्थी संतोष कुमार ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका एमआई कंपनी का मोबाइल फोन गुम हो गया है, जिसमें जियो और आइडिया कंपनी के सिम कार्ड लगे हुए थे। गुम हुए मोबाइल का दुरुपयोग करते हुए अज्ञात व्यक्ति ने फोन पे UPI के माध्यम से प्रार्थी के खाते से कुल 1,23,900 रुपये अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए।

मामले में थाना छावनी में अपराध क्रमांक 90/2024, धारा 420 एवं 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान बैंक से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर जिस खाते में रकम ट्रांसफर हुई थी, वह खाता सचिन किसपोट्टा (उम्र 32 वर्ष) निवासी जिला कैमूर, बिहार के नाम से संचालित पाया गया।

पुख्ता साक्ष्य मिलने पर पुलिस टीम को बिहार रवाना किया गया, जहां से आरोपी को विधिवत हिरासत में लेकर दुर्ग लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस स्टाफ की तकनीकी साक्ष्य आधारित विवेचना एवं सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाना एवं संबंधित बैंक या UPI सेवा प्रदाता को सूचना दें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन की जानकारी तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएं। साइबर अपराधों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news