दुर्ग : न्यूज़ 36 : प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के अवैध विक्रय में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में मोहन नगर पुलिस को सफलता मिली है। इस प्रकरण में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि 30 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट का अवैध विक्रय कर रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करते हुए नितेश यादव को पकड़ा था। उसके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टैबलेट अल्प्राजोलम के 13 पैकेट जिसकी कीमत 78,000 रुपए थी तथा बिक्री की रकम 500 रुपए को जब्त किया गया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
