दुर्ग : न्यूज़ 36 : पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के न्यू सुंदर नगर, बोरसी निवासी लक्ष्मीनारायण साहू (47) ने स्थानीय निवासी हरीश पारख पर अवैध ब्याज वसूली, धमकी देने और जबरन खाली चेक रखने का गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी हरीश के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी लक्ष्मीनारायण साहू ने पुलिस को बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्होंने मोहल्ले के ही हरीश पारख से एक लाख 60 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोपी इस राशि पर 10 प्रतिशत की दर से ब्याज वसूलता था और समय पर भुगतान न होने पर अगले ही दिन दोगुनी रकम की मांग करता था। प्रार्थी के अनुसार, वे अब तक अपनी पत्नी व बच्चों के मोबाइल के माध्यम से एक लाख रुपये तथा नगद दो लाख 20 हजार रुपये, इस प्रकार कुल 3.20 लाख वापस कर चुके हैं।
प्रार्थी ने बताया कि वह केवल तीसरी तक पढ़ा है। शिक्षा की कमी का लाभ उठाते हुए आरोपी ने सुरक्षा के नाम पर उसके 11 खाली चेक (बिना हस्ताक्षर वाले) अपने पास रख लिए। पूरी राशि चुका देने के बाद भी आरोपी न तो चेक वापस कर रहा है और न ही पीछा छोड़ रहा है। वह चेक में मनमानी राशि भरकर न्यायालय में केस लगाने और वसूली करने की धमकी दे रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उनके किराये के मकान पर आकर गाली-गलौज करता है और मकान खाली कराने का दबाव बनाता है। आरोपी ने प्रार्थी की बेटी के कार्यस्थल पर जाकर उसे नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी है। इससे पूरा परिवार मानसिक रूप से डरा हुआ है। प्रार्थी ने कड़ी कार्रवाई करने और अपने 11 चेक वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
