भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के मैत्रीबाग में इस वर्ष आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित फ्लावर शो अब एक और दो फरवरी की बजाय सीधे आठ फरवरी को आयोजित किया जाएगा। तिथि परिवर्तन के बाद मैत्रीबाग प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शो को लेकर शहरवासियों और प्रकृति प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मैत्री बाग के महाप्रबंधक डा. नवीन जैन ने बताया कि फ्लावर शो के लिए अब तक 50 प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं, जिनमें फूलों के साथ-साथ फल व सब्जी वर्ग की प्रविष्टियां भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आठ फरवरी को होने वाले इस आयोजन के लिए मैत्री बाग परिसर में सजावट, प्रदर्शनी स्थल, प्रवेश व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य शुरू कर दिया गया है।
डा. जैन ने कहा कि आयोजन को सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग को सूचना दे दी गई है, साथ ही सीएस सिक्योरिटी-संबंधित (सिविल प्रशासन) को भी कार्यक्रम की जानकारी साझा कर दी गई है। मैत्री बाग के सभी कर्मचारियों को फ्लावर शो से जुड़ी आवश्यक दिशा निर्देश और जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंप दी गई हैं, ताकि किसी भी स्तर पर कोई अव्यवस्था न हो।

फ्लावर शो के दौरान विभिन्न किस्म के आकर्षक फूल, मौसमी फल और सब्जियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगी। बच्चों, परिवारों और बागवानी के शौकीनों के लिए यह आयोजन न केवल मनोरंजन बल्कि प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी अवसर होगा। मैत्रीबाग प्रबंधन का कहना है कि इस बार का फ्लावर शो पहले से अधिक भव्य और सुव्यवस्थित होगा।
