दुर्ग : न्यूज़ 36 : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई 04 जनवरी 2026 को की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करते पाए गए पुलिसकर्मियों का मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटा गया।

एसएसपी विजय अग्रवाल द्वारा पूर्व में ही जिले में पदस्थ सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ पुलिसकर्मी बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए, जिस पर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान प्रधान आरक्षक (चालक) सुशील प्रजापति (रक्षित केंद्र दुर्ग), प्रधान आरक्षक भागवत प्रसाद (थाना अंडा), आरक्षक सुनील साहू (थाना रानीतराई), आरक्षक कमलेश देशमुख (थाना दुर्ग), आरक्षक पंकज पाण्डेय (थाना जामुल), आरक्षक रवि सोनी (थाना खुर्सीपार), महिला आरक्षक संगीता कोसले (थाना भिलाई नगर), महिला आरक्षक एलिषा (थाना छावनी) एवं महिला आरक्षक आशा ठाकुर (महिला थाना दुर्ग) के विरुद्ध प्रत्येक पर 500-500 रुपये का चालान किया गया।
सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को भविष्य में दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रुप से पहनने की सख्त हिदायत दी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के पालन में किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी। यह कार्रवाई आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरुक करने और पुलिस विभाग द्वारा स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश मानी जा रही है।
