भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ हल्बा आदिवासी समाज भिलाई-दुर्ग द्वारा दो दिवसीय शक्ति पर्व महोत्सव 26 व 27 दिसंबर को मनाया जाएगा। पहले दिन शुक्रवार की शाम 4 बजे आशीष नगर रिसाली में मुख्य ज्योति प्रज्जवलन और माता सेवा का कार्यक्रम होग। वहीं दूसरे दिन 27 दिसंबर शनिवार को हल्बा शक्ति भवन रिसाली से सुबह 9 बजे माई दंतेश्वरी की शोभायात्रा मुख्य कलश के साथ वाहन रैली के रूप में निकाली जाएगी।

शोभायात्रा डीपीएस चौक रिसाली, जेल तिराहा दुर्ग, गांधी चौक दुर्ग, पटेल चौक, गंजपारा दुर्ग मिनी माता चौक पुलगांव से होकर शक्ति स्थल गोकुल नगर पुलगांव दुर्ग पहुंचेगी। मांई दंतेश्वरी और शोभायात्रा के स्वागत बाद मुख्य कलश स्थापना के बाद सामाजिक ध्वजारोहण कर शक्ति पर्व महोत्सव शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छग हल्बा आदिवासी समाज के अध्यक्ष मंथिर खलेंद्र करेंगे। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अति विशिष्ट अतिथि केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, विधायक अनिला भेड़िया आदि होंगे।
