दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिला साहू संघ के आम चुनाव में नंदलाल साहू ने एक बार फिर अध्यक्ष पद पर विजय हासिल की। यह उनका लगातार दूसरा कार्यकाल होगा। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भीखम साहू को 144 मतों से पराजित किया।

नंदलाल को कुल 713 मत प्राप्त हुए, जबकि भीखम साहू को 569 तथा गिरीश साहू को 56 मत मिले। चुनाव में उपाध्यक्ष (पुरुष) पद पर कृष्णा साहू ने 111 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें 719 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रामखिलावन को 608 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष (महिला) पद पर मंजू साहू ने 35 मतों से जीतते हुए लालेश्वरी साहू को हराया। मंजू को 687 तथा लालेश्वरी को 652 मत प्राप्त हुए। संगठन सचिव पद (पुरुष) के लिए उमाशंकर साहू एवं महिला वर्ग से सविता पोषण साहू निर्विरोध निर्वाचित हुए। कुल 2188 पंजीकृत मतदाताओं में से 1360 मतदाताओं ने मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। चुनाव अधिकारी अधिवक्ता जेपी साहू, देवेंद्र साहू, पीआर सार्वा और शशिकांत साहू ने पूरी चुनाव प्रक्रिया का संचालन किया।

चुनाव के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नंदलाल साहू ने कहा कि यह समाज की सामूहिक जीत है। नई कार्यकारिणी बिना किसी प्रतिद्वंद्विता के साथ मिलकर कार्य करेगी और समाज के अधूरे पड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
