Thursday, March 12, 2026

पतंजलि परिवार का 25 दिवसीय सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण आज से

दुर्ग-भिलाई के 4 स्थानों पर ऑन लाइन और ऑफ लाइन मिलेगा प्रशिक्षण

भिलाई : न्यूज़ 36 : पतंजलि परिवार, दुर्ग की ओर से 25 दिवसीय सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण का आयोजन 17 सितंबर से शुरू हो रहा है। यह प्रशिक्षण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में दुर्ग-भिलाई के चुनिंदा जगहों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रशिक्षण साथियों को पाठ्य सामग्री भी प्रदान की जाएगी।
पतंजलि परिवार की ओर से दुर्ग जिला प्रभारी नरेंद्र पटेल ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य योग शिक्षकों को प्रशिक्षित करना और उन्हें योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। प्रशिक्षण में योग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी और प्रतिभागियों को योग के क्षेत्र में अपने कौशल को विकसित करने का अवसर मिलेगा। यह 25 दिवसीय प्रशिक्षण 100 घंटे का होगा, जिसमें प्रैक्टिकल और थ्योरेटिकल दोनों तरह के अध्ययन होंगे। इसके पश्चात 1 घंटे की परीक्षा होगी, जिसे उत्तीर्ण करने वाले साथी को पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार द्वारा सहयोग शिक्षक प्रशिक्षित का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अंतर्गत ऑनलाइन मोड पर 17 सितंबर से शाम को 4 से 5:30 बजे तक प्रशिक्षण होगा। वहीं ऑफलाइन मोड पर 20 सितंबर से सुबह 6 से 7:30 बजे इस्पात क्लब सेक्टर-7 भिलाई, गजानंद मंदिर आर्य नगर दुर्ग, एचएससीएल कालोनी रूआबांधा और गायत्री मंदिर रामनगर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। श्री पटेल ने बताया कि इस प्रशिक्षण से योग शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए एक अद्वितीय अवसर मिलेगा और मुख्य योग शिक्षक बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि सहयोगी योग प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले साथियों को मुख्य योग शिक्षक बनने हेतु पांच दिवसीय प्रशिक्षण स्वामी रामदेव के साथ हरिद्वार में लेना होगा, जो कि निशुल्क होगा। तत्पश्चात उन्हें मुख्य योग शिक्षक का प्रमाण पत्र पतंजलि योगपीठ द्वारा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण आवश्यक है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news