भिलाई : न्यूज़ 36 : प्रसिद्ध लोक कलाकार नवलदास मानिकपुरी लोक कला और छत्तीसगढ़ी सिनेमा की विभिन्न विधाओं में अपना विशिष्ट योगदान दे रहे हैं। जल्द ही छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘लॉकडाउन के मया’ में नवल दास मानिकपुरी के लिखे गीत सुनाई देंगे। इस फिल्म में उन्होंने दो गीतों को संगीतबद्ध भी किया है। हाल ही में इस फिल्म के गीतों की रिकार्डिंग राजधानी रायपुर में की गई। इन गीतों को छतीसगढी फिल्मों के सुप्रसिद्ध गायक अनुराग शर्मा ने स्वर दिया। फिल्म के अन्य गीतों को भागवत निषाद ने संगीत दिया है।
उल्लेखनीय है कि उम्र के छठवें पायदान पर पहुंच चुके नवल दास मानिकपुरी ने छह साल की उम्र से ही मंचीय प्रस्तुति देना शुरू कर दिया था। नाचा, गम्मत, रामधुनी, खड़े साज, कृष्ण लीला, रहस और कला मंच पर आधारित समस्त लोकविधाओं में मानिकपुरी अपना कला कौशल दिखाते रहे हैं। शुरूआती दिनों में रंगमंच के लिए समर्पित रहे नवलदास मानिकपुरी छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की बेला में शुरू हुए छत्तीसगढ़ी सिनेमा के नए दौर में भी अभिनेता, गीतकार, संगीतकार और गायक के तौर पर अपना महत्वपूर्ण योगदान देते आ रहे है।
छत्तीसगढ़ी फिल्मों में उनके लिखे गीत इन दिनों धूम मचा रहे हैं। लोककलाकार नवलदास मानिकपुरी की पत्नी अनुसुईया मानिकपुरी भी स्थापित लोकगायिका है, वहीं उनके सुपुत्र मनीष मानिकपुरी छत्तीसगढ़ी फिल्मों के प्रख्यात निर्देशक हैं।
