भिलाई : न्यूज़ 36 : प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल लगवाने के लिए लोगों के घरों का सर्वे डाकिया करेंगे। दुर्ग डाक संभाग के अंतर्गत 60,000 घरों पर के सर्वे का लक्ष्य दिया गया है। इस काम में 1000 डाकियों को लगाया गया है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के शाखा डाकपाल व सहायक डाकपाल भी शामिल है। वह सोलर पैनल लगवाने की इच्छुक लोगों के घर का सर्वे करने के बाद केंद्र सरकार के संबंध पोर्टल पर जानकारी लोड करेंगे । दुर्ग संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर हरीश कुमार महावर ने बताया कि दुर्ग डाक संभाग में 60,000 सर्वे का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इस योजना के तहत प्रत्येक घर की छत अथवा खुली जगह पर न्यूनतम ₹50,000 से लेकर 1,45,000 तक व्यय कर सोलर पैनल संस्थापित किया जा सकता है। पैनल के संस्थापक के लिए न्यूनतम 100 वर्ग फीट स्थान की आवश्यकता होगी। इसके लिए भारत सरकार द्वारा न्यूनतम ₹30,000 व अधिकतम 78000 रुपये की सब्सिडी के रूप में लाभार्थी को भुगतान किया जाएगा। इससे प्रतिमाह 300 यूनिट बिजली का उत्पादन सौर ऊर्जा के माध्यम से प्राप्त किया जा सकेगा। सर्वे के लिए लगभग 1000 कर्मचारियों को नामांकित किया गया है। इसमें शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के डाकपाल व सहायक डाकपाल को भी जिम्मेदारी दी गई है।
