मौसम की चेतावनी के मद्देनजर जिला शिक्षा अधिकारी का आदेश, शासकीय-निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में रहेगा अवकाश
दुर्ग : न्यूज़ 36 : चक्रवाती मौसम के संभावित प्रभाव, भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दुर्ग जिले में 29 और 30 अक्टूबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग द्वारा कलेक्टर के अनुमोदन से जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में दो दिन छुट्टी रहेगी।
मौसम विभाग से प्राप्त चेतावनी में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। ऐसे में विद्यार्थियों को आवागमन के दौरान संभावित जोखिम से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश में राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों का उल्लेख करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है। प्रशासन का संदेश स्पष्ट है । मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले।
