Wednesday, October 28, 2026

अवैध ब्याज वसूली मामले पर पुलिस ने 2 महिलाएं को किया गिरफ्तार

3.79 लाख रुपये नकद बरामद

ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर के जरिए दबाव बनाने व जान से मारने की दी धमकी

ब्याज वसूली की डायरी भी जब्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : वैशालीनगर थाना पुलिस ने अवैध रूप से अत्यधिक ब्याज वसुली करने और रकम चुकाने के बाद भी अतिरिक्त पैसे की मांग कर कथित रूप से धमकाने के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबली साहू उर्फ बबली निरंजन (42 वर्ष) और ज्योति निरंजन (27 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से संबंधित तलाशी के दौरान कुल 3 लाख 79 हजार 900 रुपये नकद, ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली डायरी, विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर जब्त किए हैं।

50 हजार रुपये के कर्ज पर 72,500 रुपये देने के बाद भी मांगे 1.50 लाख

पुलिस के अनुसार, वैशालीनगर निवासी पूनम मनोज कुमार ने 27 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2024 में उन्होंने 50 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके एवज में सुरक्षा के तौर पर ब्लैंक चेक और हस्ताक्षरित कोरा स्टाम्प पेपर दिया था।

प्रार्थिया का आरोप है कि उन्होंने प्रति सप्ताह 2,500 रुपये के हिसाब से 29 सप्ताह में कुल 72,500 रुपये ब्याज के रूप में चुका दिए। इसके बावजूद उनसे अतिरिक्त 1 लाख 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। रकम देने में देरी होने पर कथित रूप से गाली-गलौज की जाती थी और उन्हें तथा उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जाती थी।

सहेली से भी वसूली के बाद परेशान करने का आरोप

इसी मामले में प्रार्थिया की सहेली सुमिता तब्बोली ने भी शिकायत में बताया कि उन्होंने एक लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके बदले प्रति सप्ताह पांच हजार रुपये के हिसाब से 28 सप्ताह में कुल 1 लाख 40 हजार रुपये का भुगतान किया था। इसके बाद भी उन्हें कथित रुप से परेशान किया जा रहा था और धमकियां दी जा रही थीं।

Oplus_16908288

मकान की तलाशी में नकदी और दस्तावेज जब्त

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए वैशालीनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 308(5), 3(5) तथा कर्जा एक्ट की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की और ब्याज वसूली से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की।

पुलिस के मुताबिक, बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के कब्जे से 99,900 रुपये नकद बरामद किए गए, जबकि सीमा यादव के मकान की तलाशी के दौरान लगभग 2 लाख 80 हजार रुपये मिले। इसके अलावा लेन-देन का हिसाब रखने वाली डायरी, विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर भी जब्त किए गए। कुल नकद बरामदगी 3,79,900 रुपये बताई गई है।

बबली साहू के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के विरुद्ध थाना सुपेला में कर्जा एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत पहले भी दो प्रकरण दर्ज हैं। इनमें अपराध क्रमांक 138/2026 और 1138/2026 शामिल हैं। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ब्याज पर रकम देने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से अत्यधिक ब्याज की मांग करता है, धमकी देता है या ब्लैंक चेक और हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर के जरिए दबाव बनाता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें। पुलिस ने लोगों को लेन-देन की रसीदें, बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज सुरक्षित रखने की भी सलाह दी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news