भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन कर सड़क जाम करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 200/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2) और 221 के अंतर्गत कार्रवाई की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4.30 बजे मिनीमाता चौक उतई में 50 से 60 लोग बिना वैधानिक अनुमति के एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर रहे थे। मौके पर मौजूद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क मार्ग अवरुद्ध कर पुतला दहन का प्रयास किया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप किया तो झूमा-डाटकी की स्थिति बन गई। इसी दौरान माचिस से आग लगाए जाने से ड्यूटी पर तैनात आरक्षक गिरधारी मंडावी के दोनों हाथ झुलस गए। आरक्षक अविनेश प्रताप सिंह के दाहिने हाथ में जलन और आरक्षक टिकेंद्र साहू की आंख के पास चोट आई।
घटना के बाद पुलिस ने साध्य संकलन कर मामले में 8 आरोपियों की पहचान की और 3 मई को उन्हें विधिवत्त गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश ठाकुर, द्वारिका प्रसाद साहू, दिवाकर गायकवाड़, धर्मेन्द्र बंजारे, डिकेन्द्र कुमार उर्फ राजू, सत्य प्रकाश कौशिक उर्फ सत्तू, प्रहलाद वर्मा और लोचन यादव शामिल हैं।
पुलिस ने पुतला दहन में प्रयुक्त अवशेष सामग्री भी जब्त की है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन से पहले विधिवत अनुमति लें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
