दुर्ग : न्यूज़ 36 : अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने शिवनाथ नदी किनारे करहिंडीह क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जुआ खेलते सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, दोपहिया वाहन और ताश पत्ती सहित कुल 1 लाख 24 हजार 770 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक 14 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करहिंडीह स्थित शिवनाथ नदी किनारे कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सात आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुए के फड़ से 43 हजार 270 रुपए नगद, 52 पत्ती ताश, 8 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल और 2 एक्टिवा जब्त किए।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं धारा 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्त्तार आरोपियों में लालचंद डीमर निवासी डीमर पारा दुर्ग, अमित कुमार चौबे निवासी शंकर नगर दुर्ग, संतोष कुमार शुक्ला निवासी सुरडुंग जामुल, अविनाश चंदेल्चार निवासी हरी नगर दुर्ग, हिमाचल दास निवासी मिनाक्षी नगर दुर्ग, धनराज कुहीकर निवासी संत रविदास नगर दुर्ग तथा चिनु ठाकुर निवासी सदर नाका दुर्ग शामिल हैं।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक खगेंद्र पठारे, प्रधान आरक्षक रेवती रमन सिंह, आरक्षक वीरेंद्र यादव, विक्रम सिंह भदोरिया एवं संतेश कुमार साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।
