भिलाई : न्यूज़ 36 : बीएसपी के प्रवर्तन विभाग द्वारा अवैध कब्जों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए पिछले 15 दिनों में कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न सेक्टरों, मार्केट क्षेत्रों एवं नेवई इलाके में अवैध कब्जे हटाकर हजारों वर्गफीट भूमि कब्जा मुक्त कराई गई।
प्रवर्तन विभाग की कार्रवाई के तहत सेक्टर-6 स्थित चार अनफिट ब्लाकों से 37 अवैध कब्जे हटाए गए, जिससे सिविल विभाग को तोड़फोड़ की कार्यवाई में सुविधा मिली। इसके अलावा अन्य सेक्टरों में भी 12 आवासों से अवैध कब्जेदारों को बेदखल किया गया। बीएसपी प्रवर्तन टीम ने मार्केट क्षेत्रों में अवैध रूप से व्यवसाय कर रहे लोगों पर भी कार्रवाई करते हुए लगभग 5000 वर्गफीट क्षेत्र से अवैध स्ट्रक्चर हटाए। मौके से जब्त सामग्री को प्रवर्तन विभाग की कस्टडी में लिया गया। नेवई क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जों को तोड़ा गया तथा कब्जेदारों द्वारा किए जा रहे आगे के निर्माण कार्यों को तत्काल रुकवाया गया। समझाइश और कार्रवाई के माध्यम से करीब 10000 वर्गफीट भूमि कब्जामुक्त कराई गई।
अवैध होर्डिंग और स्ट्रक्चर हटाने की चेतावनी
प्रवर्तन विभाग ने अवैध कब्जेदारों और मुख्य मार्गों पर अवैध होर्डिंग एवं स्ट्रक्चर लगाने वालों को चेतावनी दी है कि वे शीघ्र स्वयं अतिक्रमण हटा लें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद कार्रवाई कर अवैध संरचनाएं हटाई जाएंगी। कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन के निर्देशानुसार तथा महाप्रबंधक प्रभारी नगर सेवाएं विभाग के मार्गदर्शन में सहायक महाप्रबंधक प्रवर्तन रेमी थामस के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई में उप प्रबंधक प्रवर्तन मुकुंद दास मानिकपुरी, सहायक प्रबंधक देवानंद चौहान, संपदा निरीक्षक राममूर्ति, रमाकांत यादव, भगवान, बलराम शुक्ला, ललन सिंह, अजय मिश्रा, कुतुबुद्दीन कुरैशी, ज्ञानचंद जैन सहित पुरुष एवं महिला गार्ड्स की टीम शामिल रही।
