कुरुद रंगला पंजाब ढाबा के पास चल रहा था नशे का कारोबार, तीन मोबाइल और 3,200 रुपये नकद भी जब्त
भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जामुल पुलिस ने कुरुद रंगला पंजाब ढाबा, बस स्टैंड के पास हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24.45 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल फोन और 3,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 66 हजार 800 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को थाना जामुल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुरुद रंगला पंजाब ढाबा, बस स्टैंड के पास दो व्यक्ति मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी में मिली 24.45 ग्राम हेरोइन
पूछताछ में आरोपियों की पहचान ओंकार सिंह (23 वर्ष), निवासी सुभाष मार्केट, केएलसी जोन-2, खुर्सीपार और लुकेश कुमार सिंह (29 वर्ष), निवासी मौर्या कोचिंग के पास, 18 नंबर रोड, कैंप-1, थाना वैशाली नगर, भिलाई के रुप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 24.45 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), तीन मोबाइल फोन और बिक्री की रकम 3,200 रुपये नकद बरामद की। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4,66,800 रुपये आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, दोनों न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 901/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (ख) एवं 27 (क) के तहत कार्रवाई की है। दोनों को 27 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन और सेवन से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। साथ ही नागरिकों से नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।
