डॉक्टर्स और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को पौध व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित
भिलाई : न्यूज़ 36 : लायंस क्लब भिलाई ग्रेट द्वारा निजी होटल के सभागार में “डॉक्टर्स एवं सीए सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपर्ण योगदान देनेवाले 10 चिकित्सकों एवं 8 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का पौध एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि लायन डॉ. एस.के. तमेर, विशेष अतिथि सीए सुधीर सुराना, रीजन चेयरमैन लायन अमित खंडेलवाल, जोन चेयरमैन लायन बबीता सोनी एवं चार्टर प्रेसिडेंट लायन अनिता अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा भारत माता एवं सर मेल्विन जोन्स के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
स्वागत भाषण क्लब अध्यक्ष लायन मंजू शर्मा ने दिया और अतिथियों का स्वागत पौध भेंट कर किया गया।
डॉक्टर्स और सीए समाज के मजबूत स्तंभ
चार्टर प्रेसिडेंट लायन अनिता अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सक स्वस्थ शरीर के प्रहरी हैं, जबकि चार्टर्ड अकाउंटेंट आर्थिक मजबूती के प्रहरी हैं। दोनों का उद्देश्य समाज का कल्याण और राष्ट्र का उत्थान है।
मुख्य अतिथि डॉ. एस.के. तमेर ने कहा कि जब पीड़ा अपने चरम पर होती है, तब डॉक्टर का धैर्य, ज्ञान और संवेदना किसी वरदान से कम नहीं होती।
विशेष अतिथि सीए सुधीर सुराना ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट पारदर्शिता, ईमानदारी और आर्थिक अनुशासन की मजबूत नींव रखते हैं, जिस पर व्यक्ति, संस्थान और राष्ट्र का विकास आधारित होता है।
रीजन चेयरमैन लायन अमित खंडेलवाल ने सभी को डॉक्टर्स डे और सीए डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” है और चिकित्सक इस भावना को अपने कार्यों से चरितार्थ करते हैं।
जोन चेयरमैन लायन बबीता सोनी ने कहा कि जहां करुणा होती है, वहां चिकित्सक का हृदय बसता है और जहां सत्यनिष्ठा होती है, वहां चार्टर्ड अकाउंटेंट का सम्मान होता है।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने भी अपने अनुभव साझा किए। संचालन लायन रितु अग्रवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन लायन प्रमिला मित्तल ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर लायंस क्लब भिलाई ग्रेट एवं WE क्लब भिलाई ग्रेट के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
