Tuesday, July 21, 2026

ट्रेडिंग में रकम चार गुना करने का झांसा, 19 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : अधिक मुनाफे का लालच देकर ट्रेडिंग निवेश के नाम पर 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाली एक महिला को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना उतई पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जोरातराई निवासी दीपक कुमार अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तृप्ती साहू (33) निवासी ग्राम असोगा, थाना रानीतराई ने रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कराने के नाम पर 28 माह में रकम चार गुना होने और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत ट्रेडिंग रिटर्न मिलने का झूठा प्रलोभन दिया। इस भरोसे पर उसने कुल 19 लाख रुपये निवेश कराए, लेकिन तय अवधि पूरी होने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई।

शिकायत के आधार पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 420 एवं 34 में मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपिया के एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक के खातोंकी जांच की। बैंक ट्रांजेक्शन के विश्लेषण में लाखों रुपये के संदिग्ध और अनाधिकृत वित्तीय लेन-देन सामने आए। पूछताछ में तृप्ती साहू ने निवेशकों से प्राप्त राशि का निजी उपयोग करने और अन्य लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से विभिन्न बैंकों की पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड तथा कार क्रमांक CG 07 CF 8179 जब्त की है।

इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक श्रीराम पेन्ड्रो, सहायक उप निरीक्षक सुरेश पाण्डेय, महिला आरक्षक पूजा सोनकर एवं बिन्दु भाले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अधिक मुनाफे का लालच देने वाली किसी भी निवेश योजना, ट्रेडिंग कंपनी या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिकता और पंजीयन की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध वित्तीय या साइबर धोखाधड़ी की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news