शुक्रवार को सामान्य सभा में सत्ता पक्ष व विपक्ष में जमकर हुई तकरार
भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर निगम भिलाई के पांच साल के कार्यकाल की अंतिम सामान्य सभा शुक्रवार को पहले सौहार्दपूर्ण माहौल में शुरू हुई, लेकिन बाद में आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे में बदल गई। बैठक से पहले सांसद विजय बघेल, विधायक देवेंद्र यादव व विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल सहित पार्षदों ने सामूहिक फोटो सेशन कराया। सांसद ने जनप्रतिनिधियों को कार्यकाल पूरा होने पर शुभकामनाएं दीं।
सदन में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने जोन क्रमांक-5 कार्यालय में दीपावली के दौरान लगी आग का मुद्दा उठाया। जली फाइलों और दस्तावेजों की सुरक्षा पर सवाल किए। आयुक्त व जोन अध्यक्ष ने संबंधित फाइलें सुरक्षित होने की जानकारी दी, लेकिन इस पर बहस जारी रही।
इसके बाद प्रस्ताव क्रमांक-2 पर भाजपा पार्षदों ने सभापति पर बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं देने का आरोप लगाया। बहस के दौरान पार्षद मुकेश अग्रवाल टेबल पर चढ़कर सभापति के पास पहुंच गए और उंगली दिखाकर अपनी बात रखने लगे। सभापति ने इसे सदन की गरिमा का अपमान बताया।
इसके बाद दोनों पक्षों के पार्षद आमने सामने आ गए और नारेबाजी शुरू हो गई।
हंगामे के बीच सभी प्रस्ताव पारित
नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने सभा के बाद भाजपा पार्षदों को पर्याप्त अवसर नहीं देने और विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए। हंगामे के बीच सभापति ने सचिव से एजेंडे के प्रस्ताव पढ़वाए और सत्ता पक्ष ने बहुमत से सभी 14 प्रस्ताव पारित करा दिए। इनमें एकीकृत खेल परिसर के मार्ग व नाली निर्माण की डीपीआर, जलभराव व जल संरक्षण के लिए आईआईटी भिलाई से डीपीआर, 111 रिक्त भूखंडों की निविदा, 12 वार्डों की सफाई के लिए प्लेसमेंट एजेंसी और 2.7 एमएलडी वाटर फिल्टर प्लांट में सम्पवेल पंप हाउस निर्माण शामिल हैं। हुडको में सीवरेज पाइपलाइन नवीनीकरण, स्वच्छता दूतों के मानदेय सहित अन्य प्रस्ताव भी पारित हुए।
