भिलाई : न्यूज़ 36 : नमस्ते योजना के तहत नगर निगम भिलाई क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मकारों, सीवर-सैप्टिक टैंक कर्मियों और कचरा बीनने वाले कर्मकारों का पंजीयन किया जाएगा। पंजीयन प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 से शुरू होगी। हालांकि, पंजीयन की अंतिम तिथि निगम की ओर से स्पष्ट नहीं की गई है। श्रम विभागीय डाटाबेस से मोबाइल नंबरों के मिलान में 1532 कर्मकारों की जानकारी सामने आई है। इनमें 730 कर्मकार पहले से पंजीकृत हैं, जबकि 802 कर्मकार अपंजीकृत पाए गए हैं। इनका पंजीयन कराने के लिए निगम ने प्रक्रिया शुरू की है। पंजीयन के लिए कर्मकारों को स्वयं एवं परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, बैंक पासबुक, स्वघोषणा प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना होगा। 30 नवंबर से निगम मुख्यालय में स्वास्थ्य विभाग के सामने बनाए गए पंजीयन काउंटर पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीयन कराया जा सकेगा।
