Saturday, February 14, 2026

कुम्हारी में अज्ञात महिला की गला घोट कर हत्या, PM रिपोर्ट में हुआ खुलासा

परसादा खार में 17 जनवरी को मिली थी अज्ञात महिला की लाश, गला घोंटकर की गई थी वारदात

भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसादा खार में 17 जनवरी 2026 को बरामद अज्ञात महिला के शव मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103 (1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

कुम्हारी पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मर्ग क्रमांक 08/2026 में प्रारंभिक जांच सहायक उप निरीक्षक तालसिंह साहू द्वारा की गई। 17 जनवरी को प्रार्थी सुशील सोनकर की सूचना पर कैवल्य धाम के पीछे खेत में 40 से 45 वर्ष की अज्ञात महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव मिला था। शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पंचनामा कार्रवाई उपरांत शव को चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल शासकीय मेडिकल कॉलेज, कचांदूर (दुर्ग) की मरचुरी में 22 जनवरी 2026 तक शिनाख्त हेतु सुरक्षित रखा गया।

पहचान नहीं होने पर 22 जनवरी को डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। 10 फरवरी 2026 को प्राप्त पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मृत्यु गला घोंटने (Ligature Strangulation) से हुई है। डॉक्टरों ने अपने अभिमत में मृत्यु का कारण “asphyxia due to ligature strangulation, homicidal in nature” बताया है। रिपोर्ट के अनुसार मृतिका के गले में ग्रे रंग की प्लास्टिक रस्सी एक फंदे के रूप में बंधी हुई पाई गई, जिसमें काला धागा भी उलझा हुआ था। रस्सी का गांठ गर्दन के बाएं सामने हिस्से में पाया गया।

डॉक्टरों द्वारा नियमित विसरा संरक्षित कर एफएसएल भेजा गया है, ताकि विषाक्तता संबंधी जांच भी की जा सके।

पीएम रिपोर्ट एवं मर्ग जांच के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि घटना दिनांक 17 जनवरी 2026 से लगभग एक सप्ताह पूर्व अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इसके आधार पर थाना कुम्हारी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103 (1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस द्वारा मृतिका की शिनाख्त के प्रयास जारी है तथा आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी का मिलान किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news