8.85 ग्राम चिट्टा और कार समेत ₹9.94 लाख की संपत्ति जब्त
भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सुपेला पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 8.85 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और एक कार सहित लगभग 9.94 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक कार में सवार दो युवक कोसानगर गांधी नगर क्षेत्र में हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज (27) निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग के कब्जे से 2.65 ग्राम हेरोइन और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं मोहम्मद फैजान (27) निवासी तकियापारा, दुर्ग के पास से 6.20 ग्राम हेरोइन, एक मोटोरोला मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त कार CG 07 CV 3587 जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हेंन्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से हेरोइन की बिक्री करने की तैयारी कर रहे थे।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस ठाकुर, उप निरीक्षक अमर दास गंगेले, पीएसआई विजेन्द्र डहरिया, पीएसआई अक्षय साहू, प्रधान आरक्षक आशीष अमर सिंह तथा प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
