भिलाई : न्यूज़ 36 : पाटन पुलिस ने फर्जी तरीके से जमीन बेचने वाले फरार 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ईश्वर दास द्वारा षड्यंत्रपूर्वक अपने सगे भाई संजय कुमार के स्थान पर अन्य व्यक्ति को खड़ा करवाकर पुश्तैनी जमीन बेच दी। मामले में आरोपी ईश्वर दास को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद अब फरार आरोपी दिलीप बंजारे और कन्हैया बंजारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक संजय कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि आरोपी ईश्वर दास उसका बड़ा भाई है। उसने पुश्तैनी कृषि भूमि को बेचने के लिए उसकी जगह किसी अन्य व्यक्ति को संजय कुमार के रूप में प्रस्तुत कर आरोपी दिलीप बंजारे को बेच दिया। उक्त विक्रय पत्र में आरोपी कन्हैया बंजारे को गवाह बनाया गया था। जब इस बात की जानकारी संजय को मिली तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी ईश्वर दास को पकड़ लिया। तब से दिलीप और कन्हैया फरार थे। उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
