Monday, June 1, 2026

हिमाचल में भिलाई के एक ही परिवार के चार लोगों समेत 8 की मौत : दर्दनाक हादसा

बेटे के नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गया था परिवार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिमाचल के CM से की चर्चा

भिलाई : न्यूज़ 36 : हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भिलाई से जुड़े एक परिवार के चार सदस्यों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा साचपास क्षेत्र में उस समय हुआ जब पर्यटकों से भरी एक कार गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक HP-01C-2133 29 मई को साचपास से बैरागढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान कालाबन के तीखे मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे।

मृतकों में चालक विश्वास सल्होता निवासी बनीखेत के अलावा अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची चंद्राकर, पुत्र दर्श चंद्राकर एवं अक्षद चंद्राकर शामिल हैं। बताया गया है कि यह परिवार मूल रूप से भिलाई के मरोदा सेक्टर-सी पॉकेट का निवासी है और वर्तमान में बेंगलुरु में रह रहा था। हादसे में पी.जी. कार्तिघायन, उनकी पत्नी मनीमाला तथा पुत्र नंदन की भी मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी शवों को खाई से बाहर निकाला। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल चम्बा में कराया जा रहा है। पुलिस थाना तीसा में चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत अपराध क्रमांक 63/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी गई है।

ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेने गए थे

प्रोफेशनल कांग्रेस के पूर्व दुर्ग जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश मिश्रा ने बताया कि अश्वनी चंद्राकर का परिवार बेंगलुरु में निवास करता था। उनका बेटा राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेने हिमाचल प्रदेश गया था। प्रतियोगिता के बाद परिवार साचपास क्षेत्र में बर्फबारी देखने पहुंचा था। वहां से लौटते समय यह भीषण हादसा हो गया।  मिश्रा ने बताया कि अश्वनी चंद्राकर का पूरा परिवार भिलाई के मरोदा सेक्टर सी पॉकेट में निवास करता है। वे बेंगलुरु में जॉब होने के कारण अपने पत्नी एवं दो बच्चों के साथ वहां रहते थे।

भूपेश बघेल ने की मुख्यमंत्री सुक्खू से चर्चा

राकेश मिश्रा के अनुसार हादसे की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से चर्चा कर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को गति दी गई। इस हृदयविदारक हादसे से भिलाई और छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से परिजन और परिचित स्तब्ध हैं।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news