भिलाई : न्यूज़ 36 : रसोई गैस कनेक्शनधारियों के लिए अच्छी खबर है। जिन्होंने अब तक केवाईसी नहीं करवाई है, उन्हें 23 अगस्त तक का मौका दिया गया है। अब ऐसे लोगों के पास 4 दिन का समय है। इससे पहले केवाईसी के लिए 16 अगस्त तक अंतिम तिथि तय की गई थी, जिसे बढ़ाया गया है। बता दें कि दुर्ग जिले में 4 लाख 85 हजार 170 एलपीजी धारी हैं। अभी तक इनमें से करीब 25 हजार लोगों ने केवाईसी नहीं करवाई है। ऐसे में लोगों को एक और मौका दिया गया है। हालाकि एजेंसी संचालकों का कहना है कि रोज केवाईसी करवाने वालों की भीड़ लग रही है। लोग अपना पासबुक और आधार कार्ड लेकर केवाईसी करवाने पहुंच रहे हैं। कुछ दिनों पहले तक फिंगर प्रिंट, आंखों से केवाईसी की जा रही थी, लेकिन बुजुर्गों को इसमें कई तरह दिक्कतें आ रही थी। इसे देखते हुए अब फेस रीडिंग से केवाईसी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऐसे में अब ऊंगलियों की रेखाएं मिट भी गई हैं तो कोई परेशानी नहीं है। एजेंसी संचालकों ने बताया कि बीते कई दिनों से कंपनियों का वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही है। इस वजह से केवाईसी करने में परेशानी हो रही है। कंपनियों की ओर से सूचना भेजी गई है कि जो 23 अगस्त तक केवाईसी नहीं करवाएंगे, उन्हें 24 अगस्त से व्यवसायिक मूल्य पर सिलेंडर लेना होगा। एजेंसी संचालकों ने बताया कि केवाईसी के दौरान सबसे ज्यादा मामले नाम परिर्वतन के आ रहे हैं। लोग सालों से अपने पिता, दादा व अन्य के नाम से खरीदी गई रसोई गैस उपयोग कर रहे थे, लेकिन उनके निधन के बाद अब उनके नाम के कनेक्शन पर केवाईसी नहीं हो पाएगी। इसलिए अब वे पहले नाम परिवर्तन करवा रहे हैं, इसमें करीब एक घंटा लग रहा है।
