Friday, November 13, 2026

धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा रहे तीन युवक गिरफ्तार

पुरानी भिलाई पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर की कार्रवाई, तीन हथियार जब्त; आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा

भिलाई : न्यूज़ 36 : त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने 11 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर धारदार हथियार लेकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार लोहे के हथियार जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कुछ युवक हथियार लेकर लोगों को डरा रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सीएसईबी कॉलोनी ग्राउंड के खंडहर रोड, भिलाई श्मशान घाट कैंप-03 सहित अन्य स्थानों से तीनों आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों में गजेंद्र कुमार बंजारे (27), विवेक यादव (21) और सूरज प्रसाद (25) शामिल हैं। इनके कब्जे से एक-एक धारदार लोहे का हथियार बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध क्रमांक 666/2026, 665/2026 और 667/2026 दर्ज किए गए हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने या लोगों को डराने-धमकाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें और त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news