Sunday, January 26, 2025

जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस-ए-मुहम्मदी का शहर में जगह-जगह हुआ इस्तकबाल

सरकार की आमद मरहबा’ की सदा के साथ शान से निकला जुलूस, फहराया परचमे इस्लाम
भिलाई : न्यूज 36 : पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद सल्ललाहु अलैहि वसल्लम की यौमे पैदाइश पर सोमवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी शहर में खुशियों के साथ मनाया गया। शहर के अलग-अलग हिस्सों में जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। वहीं तमाम मदरसों व मस्जिदों में परचमे इस्लाम फहराया गया। इस दौरान नारा-ए-तकबीर अल्लाहू अकबर और नारा-ए-रिसालत या रसूल अल्लाह की सदा से आसमान गूंज उठा। शहर में जुलूस-ए-मुहम्मदी का जगह-जगह इस्तकबाल हुआ। जिसमें विभिन्न धर्म-समुदाय के लोग भी शामिल हुए।

कैंप-1 से शुरू हुआ जुलूस, सेक्टर-6 में परचम कुशाई

जुलूसे मुहम्मदी का आगाज़ दोपहर 2:00 बजे गौसिया मस्जिद केम्प-1 से हुआ। जुलूस की कयादत मेहमान-ए-खुसूसी शहजादे आला हजरत अल्लामा तौसीफ रज़ा खान किबला बरेली शरीफ ने की। जुलूस लिंक रोड से होता हुआ कैंप-2 रज़ा जामा मस्जिद पहुंचा।
वहां से मदरसा रोड से शीतला कॉम्पलेक्स से नंदिनी रोड फिर ओवर ब्रिज से पार कर शाम को इक्पिवमेंट चौक पहुंचा। जहां पर हाउसिंग बोर्ड, खुर्सीपार, जोन-1/2 व जोन-3 से आने वाली अन्जुमने भी शामिल हुईं। सेंट्रल एवेन्यू से सेक्टर-5 चौक होते हुए जुलूस सेक्टर-6, जामा मस्जिद के ईदगाह मैदान में पहुंचा। पूरे जुलूस के दौरान लोग ‘सरकार की आमद मरहबा-आका की आमद मरहबा’ की सदा बुलंद करते रहे।  यहां हजरत अल्लामा तौसीफ रज़ा खान ने तमाम मस्जिदों के इमामों की मौजूदगी में परचमे इस्लाम फहराया। इस दौरान नारों से आसमान गूंज उठा। जुलूस के बाद मगरिब की नमाज हुई और शाम 6:30 बजे से तकरीरी प्रोग्राम शुरु होगा। जिसमें हजरत अल्लामा तौसीफ रजा खान ने पैगम्बरे इस्लाम की तालीम पर अमल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप सल्ललाहु अलैहि वसल्लम की जिंदगी गुजारने के बताए रास्ते पर चलने से दुनिया में अमन व सुकून कायम कर सकते हैं। इस जुलूस में दुर्ग-भिलाई व भिलाई-तीन सहित आसपास की सभी मस्जिदों के इमाम, यहां की कमेटियों के ओहदेदार और बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए। पूरे जुलूस में जगह-जगह लंगर व सबील का इंतजाम किया गया था।

गणेश पंडाल में हुआ ईद मिलादुन्नबी के जुलूस का इस्तक़बाल

इस्पात नगरी की सर्वधर्म समभाव को मजबूत करते हुए हाउसिंग बोर्ड औद्योगिक क्षेत्र के युवाओं ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में अनूठी पहल की। यहां गणेश मंदिर वार्ड-25 में श्री बाल गणेश उत्सव समिति ने गणपति की स्थापना की है। रोजाना भक्तिमय आयोजन हो रहे हैं। आज जब यहां से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकलना तय था तो यहां समिति के लोगों ने अपने मुस्लिम भाइयों के इस्तकबाल की तैयारी कर रखी थी। समिति के संयोजक नितेश सिंह के नेतृत्व में नौजवानों ने जुलूस का स्वागत किया और सभी को शरबत पिला कर विदा किया।

सेक्टर-7 में सलाम पढ़ते हुए निकाला जुलूस

सेक्टर-7 में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस हाजी सैयद अनवर अली के क्वार्टर नंबर 6 बी, स्ट्रीट-19 से शुरू हुआ। जो सेक्टर-7 मार्केट से होकर विभिन्न स्ट्रीट से गुजरते हुए वापस मदरसा पहुंचा। जुलूस में बच्चे और बड़े सभी नात शरीफ और दरूद पढ़ते हुए चल रहे थे। वहीं इस जुलूस का जगह-जगह इस्तकबाल हुआ। जिसमें बच्चों को मिठाइयां व तोहफे दिए गए। जुलूस के लौटने के बाद परचमे इस्लाम फहराया गया।

भिलाई-तीन मस्जिद-मजार में रक्तदान व चिकित्सा शिविर

सैयय्दी सुन्नी जामा मस्जिद मजार कमेटी भिलाई-3 की ओर से जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर 8  सितंबर से आयोजनों का सिलसिला जारी है। सोमवार की सुबह यहां परचमे इस्लाम फहराया गया। वहीं जुलूसे मुहम्मदी भी निकाला गया। इसके पहले यहां 8 सितंबर से 13 सितंबर तक स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हजारों लोगों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया। वहीं जरूरी पैथोलॉजिकल जांच भी निशुल्क की गई। 12 सितंबर को मौलाना शोएब रज़ा आसवी साहब की तकरीर,13 सितंबर को औरतों की मिलाद शरीफ और 14 शनिवार को सितंबर को इस्लामिक क्विज कांटेस्ट रखी गई। 15 सितंबर रविवार को सुबह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। यहां 17 सितंबर को आम लंगर रखा गया है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news