भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार के दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में क्रिकेट मैच के दौरान खुद को गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को धमकाने और रौब झाड़ने वाले आरोपी पर पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मैच के बीच मैदान में मचाया हंगामा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि घटना 25 मई की है। खुर्सीपार स्थित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में क्रिकेट मैच चल रहा था। इसी दौरान आरोपी सर्वेश सिंह मैदान पहुंचा और खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें डराने-धमकाने लगा।
“गृह मंत्री का OSD” बताकर जमाता रहा धौंस
शिकायत के मुताबिक आरोपी स्वयं को माननीय गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों और आयोजकों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था। मैदान में उसकी हरकतों से विवाद की स्थिति बन गई।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
प्रार्थी जय प्रकाश ने 27 मई को थाना खुर्सीपार में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी केखिलाफ इस्तगासा क्रमांक 42/102/2026 दर्ज किया।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर भेजा गया जेल
खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी सर्वेश सिंह के खिलाफ धारा 170, 126 और 135 (3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। बाद में आरोपी को छावनी स्थित अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जांजगीर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी सर्वेश सिंह (38 वर्ष) जांजगीर-चांपा जिले के नेताजी चौक लिंक रोड क्षेत्र का निवासी है।
दुर्ग पुलिस की चेतावनी
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
