Tuesday, August 18, 2026

सोलर प्लांट में काम बंद कराने पहुंचे आरोपी ने पिस्टल से की फायरिंग, पुलिस ने पकड़ा

भिलाई : न्यूज़ 36 : ग्राम गुडीयारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर काम बंद कराने की धमकी देकर पिस्टल से फायरिंग करने के मामले में जामगांव (आर) पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस को दो दिन का रिमांड मिला है।

पुलिस के अनुसार 16 अगस्त की दोपहर ग्राम गुडीयारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर प्रार्थी बिसहत यादव (46 वर्ष) सहित अन्य कर्मचारी निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अविचल अग्रवाल (52 वर्ष), निवासी टैगोर नगर रायपुर, अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन क्रमांक CG 04 LU 7326 से मौके पर पहुंचा।

आरोप है कि आरोपी ने निर्माण स्थल पर चल रहे काम को बंद करने की धमकी दी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर उसने पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आरोपी ने जमीन मालिक दीपक अग्रवाल को भी धमकाया और इसके बाद अपने साथियों के साथ वाहन से मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश

फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना जामगांव (आर) पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरु की। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और सूचना तंत्र के आधार पर आरोपी की पहचान की तथा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

देर रात पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अविचल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही/कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की।

दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी

पुलिस ने आरोपी को 17 अगस्त को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय से आरोपी का दो दिवस का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। पुलिस रिमांड के दौरान घटना के संबंध में आगे पूछताछ की जा रही है तथा फायरिंग में प्रयुक्त हथियार से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन से निर्माण स्थल पहुंचा था और कर्मचारियों को काम बंद करने की धमकी देने के बाद विवाद के दौरान पिस्टल से फायरिंग कर भय का माहौल बनाया।

धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज

जामगांव (आर) पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109 (1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। बरामद पिस्टल के संबंध में भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी पाटन, क्राइम ब्रांच दुर्ग, थाना प्रभारी जामगांव (आर) तथा थाना जामगांव (आर) के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भूमि, निर्माण कार्य या किसी अन्य विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। किसी व्यक्ति द्वारा धमकी, फायरिंग या हिंसक गतिविधि किए जाने की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news