दुर्ग : न्यूज़ 36 : हत्या एवं लूट के चर्चित प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम का हिस्सा और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि अपराध क्रमांक 413/26 के तहत दर्ज मामले में आरोपी योगेंद्र निषाद उर्फ बाडु को सतत पतासाजी और त्वरित विवेचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक नारायण उर्फ रामनारायण के जेब से 2400 रुपये निकालने पर हुए विवाद के बाद उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर मारपीट की।
आरोपी ने बताया कि विवाद बढ़ने पर मृतक को घसीटकर दुर्गा मंच के पास ले जाया गया, जहां पत्थर से उसके चेहरे और सिर पर प्राणघातक हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर लूट की शेष रकम 300 रुपये और घटना के समय प्रयुक्त रक्तरंजित तकिया बरामद किया है।
घटना का कारण
लूट की राशि निकालने के विरोध में विवाद और उसके बाद मारपीट को हत्या की मुख्य वजह बताया गया है।
जप्त सामग्री : नगद 300 रुपये ,रक्तरंजित तकिया
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी खगेंद्र पठारे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
