Sunday, May 31, 2026

त्रिदिवसीय निःशुल्क योग एवं पंचकर्म चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन भी उत्साहपूर्वक भागीदारी

बताए योग से निरोगी और ऊर्जावान जीवन जीने के सरल उपाय

भिलाई : न्यूज़ 36 : स्वामी रामदेव के शिष्य एवं पतंजलि योग समिति के मुख्य केंद्रीय प्रभारी स्वामी परमार्थ देव के सानिध्य में आयोजित त्रिदिवसीय निःशुल्क योग एवं पंचकर्म चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन लगभग 900 से 1000 शिविरार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मनसा कॉलेज परिसर कोहका में अपने प्रेरक उद्बोधन में स्वामी परमार्थ देव ने योग की बारीकियों के साथ-साथ एक्यूप्रेशर के माध्यम से संपूर्ण स्वास्थ्य प्राप्त करने की अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक जीवनशैली के माध्यम से स्वस्थ, निरोगी एवं ऊर्जावान जीवन जीने के सरल उपाय बताए। शिविर के मध्य में पतंजलि संगठन द्वारा आयोजित गुरुकुल समर कैंप के बच्चों ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इस अवसर पर 25 दिवसीय सहयोगी योग शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 124 सहयोगी योग शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। ये योग शिक्षक भविष्य में हरिद्वार में स्वामी रामदेव के सानिध्य में मुख्य शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे तथा योग, आयुर्वेद एवं स्वदेशी के प्रचार-प्रसार हेतु समाज में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
स्वामी परमार्थ देव ने मंच से ही आगामी 25 दिवसीय सहयोगी योग शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम, जो 28 जून से प्रारंभ होगा, के लिए पंजीयन कराने हेतु उपस्थित जनसमुदाय को प्रेरित किया। शिविर के दौरान ही 60 से अधिक प्रतिभागियों ने सहयोगी योग शिक्षक प्रशिक्षण हेतु अपना पंजीयन फॉर्म जमा किया।
कार्यक्रम के पश्चात दुर्ग, महासमुंद, कवर्धा एवं बालोद जिलों से आए पतंजलि योग समिति के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्वामी परमार्थ देव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ एवं निरोगी बनाने तथा उसके भीतर राष्ट्रभाव जागृत कर राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करने हेतु निरंतर अथक प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के सफल आयोजन एवं जन-जागरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर तिलक साव, सुरेश चंद्रवंशी, रविंद्र स्वर्णकार, कमलेश सोनी, इला हरि प्रसाद राव, राजीव नायर (सीएसवीटीयू), श्री चौधरी (अध्यक्ष, क्षत्रिय समाज), कल्पना स्वामी (डीएस शिक्षा विभाग), विनोद उपाध्याय (महासचिव, ब्राह्मण समाज) और श्रीमती सक्सेना सहित अन्य विशिष्टजन सम्मिलित थे।
शिविर के उपरांत दिनभर पंचकर्म चिकित्सा प्रशिक्षण भी संचालित किया गया। इसमें डॉ. सूर्या वैष्णव, डॉ. कीर्ति, डॉ. आरती, डॉ. दिग्विजय सिंह, डॉ. आशीष, मोहनी साहू एवं श्रीनिवास राव ने पंचकर्म की विभिन्न विधियों एवं उनकी उपयोगिता पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया।
यह शिविर अनूप बंसल (सह-राज्य प्रभारी, भारत स्वाभिमान न्यास), जयंत विष्णु भारती (राज्य प्रभारी, युवा भारत) तथा नरेंद्र पटेल (जिला प्रभारी, पतंजलि योग समिति) के नेतृत्व में अनेक समर्पित कार्यकर्ताओं के संयुक्त प्रयास से संचालित हो रहा है। आयोजन में तिजऊ राम साहू, श्री बिसेन, राजेश तिवारी, शंभू कुशवाहा, शत्रुघ्न साहू, बलवंत सिंह, सुमन भारती, अनामिका पुरी, सुधा सोनी, गजेंद्र पाटिल, जागेश्वर साहू, मुरलीधर साहू, शारदा साहू, विमला राय, बसंत वर्मा, आर.पी. शर्मा और आरती शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। यह प्रशिक्षण शिविर 1 जून तक आयोजित है, जिसमें योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा एवं पंचकर्म से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news