भिलाई : न्यूज़ 36 : तेज गर्मी और लू को देखते हुए शिक्षा विभाग ने छात्रों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सभी स्कूलों में आयोजित हो रहे समर कैंप पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। संयुक्त संचालक, शिक्षा (दुर्ग संभाग) रूप लाल ठाकुर ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी स्कूल चाहे शासकीय हो, अनुदान प्राप्त या निजी, ग्रीष्मावकाश के दौरान किसी भी रूप में छात्रों को स्कूल न बुलाए। राज्य शासन पहले ही 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मावकाश घोषित कर चुका है। इसके बावजूद कुछ निजी स्कूलों द्वारा समर कैंप के नाम पर बच्चों को बुलाने की शिकायतें सामने आई थीं। विभाग ने इसे नियमों का सीधा उल्लंघन माना है। आदेश में साफ कहा गया है कि जहां भी समर कैंप या किसी बहाने से स्कूल संचालन पाया जाएगा, उसे तुरंत बंद कराया जाएगा। आदेश की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
