जांच में जुटी सिटी कोतवाली पुलिस
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल के पांच छात्रों की नशीली गोलियां खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी छात्रों का उपचार जारी है और चिकित्सक की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं का एक छात्र अपने साथ नींद की गोलियां लेकर स्कूल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इन्हीं गोलियों का सेवन करने के बाद कक्षा 10वीं और 9वीं के पांच छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। हालांकि, छात्रों ने किस प्रकार गोलियां खाईं और वह कौन-सी दवा थी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही छात्रों के परिजन स्कूल और सिटी कोतवाली थाने पहुंच गए। मामले को लेकर परिजनों में काफी नाराजगी देखी गई।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से पूछताछ शुरु कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि छात्र स्कूल में गोलियां कैसे लेकर पहुंचा, दवा कहां से लाई गई और क्या किसी अन्य छात्र ने भी उसका सेवन किया था।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला 16 जुलाई से शुरु हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने जांच प्रारंभ की। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संबंधित छात्रों व स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम और जिम्मेदारों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
