भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बनने पर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित समारोह में हुईं शामिल, कहा : राष्ट्रीय स्तर पर पिछड़ा वर्ग के सशक्तीकरण को मिलेगी नई दिशा
रायपुर/दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा का महामंत्री बनाए जाने पर छत्तीसगढ़ में हर्ष और उत्साह का माहौल है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को प्रदेश के पिछड़ा वर्ग समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसी अवसर पर रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह में रिसाली निगम क्षेत्र की सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता एवं समाजसेवी तेजस्वी सोनवानी शामिल हुईं और ललित चंद्राकर का पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
तेजस्वी सोनवानी ने कहा कि ललित चंद्राकर को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना केवल दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के पिछड़ा वर्ग समाज के लिए गर्व का विषय है। यह नियुक्ति प्रदेश के ओबीसी नेतृत्व की राष्ट्रीय राजनीति में बढ़ती भागीदारी और स्वीकार्यता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ओबीसी समाज की बड़ी आबादी और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी को देखते हुए राष्ट्रीय संगठन में प्रदेश के प्रतिनिधि को महत्वपूर्ण स्थान मिलना विशेष मायने रखता है। क्वांटिफायबल डाटा आयोग के सर्वे के अनुसार प्रदेश में ओबीसी आबादी लगभग 42.41 प्रतिशत है। ऐसे में राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में ललित चंद्राकर पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों को मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
ललित चंद्राकर के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर रायपुर से दुर्ग तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। तेजस्वी सोनवानी ने विश्वास व्यक्त किया कि ललित चंद्राकर अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण एवं संगठनात्मक प्रतिबद्धता के साथ करेंगे तथा ओबीसी समाज के युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक पहल करेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ को मिली यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश के पिछड़ा वर्ग समाज की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई आवाज देने का अवसर है। इससे समाज के सशक्तीकरण, नेतृत्व विकास और राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा एवं गति मिलने की उम्मीद है।
