Friday, March 6, 2026

यातायात पुलिस की सख्ती : ड्रंक एंड ड्राइव के मामले में 88 वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

भिलाई : न्यूज़ 36 : होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष सघन जांच अभियान चलाया। 2 मार्च से 4 मार्च के बीच 88 वाहन चालक शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए, जिन पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

25 संवेदनशील चौक-चौराहों पर 24 घंटे चेकिंग

त्योहार के दौरान बढ़ते यातायात दबाव और संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए जिले के 25 प्रमुख एवं संवेदनशील चौक-चौराहों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई। दिन-रात ब्रीथ एनालाइज़र से जांच कर नशे में वाहन चलाने वालों पर नजर रखी गई।

पुलगांव चौक, पटेल चौक, ग्रीन चौक, जेल तिराहा, नेहरू नगर चौक, सेक्टर-9 चौक, 25 मिलियन चौक, अवंती बाई चौक, छावनी चौक, खुर्सीपार चौक, मुर्गा चौक, डीपीएस चौक, जुनवानी चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर लगातार जांच अभियान चलाया गया।

वाहन जब्त, 6 मार्च को पेश होंगे प्रकरण

अभियान के दौरान पकड़े गए 88 वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर उनके वाहन जब्त किए गए। सभी मामलों को 6 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

गंभीर दुर्घटना नहीं

सघन चेकिंग और प्रभावी निगरानी का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि होली के दिन जिले में किसी भी प्रकार की गंभीर सड़क दुर्घटना की सूचना नहीं मिली।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और शराब सेवन कर वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news