2026 में अब तक एक भी दुर्घटना नहीं शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
दुर्ग : न्यूज़ 36 : शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा नो एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं- वर्ष 2026 में 17 मार्च तक भारी वाहनों से संबंधित एक भी सड़क दुर्घटना दर्ज नहीं हुई है।
यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर फिक्स चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए हैं, जहां विशेष टीमों द्वारा लगातार निगरानी और वाहन जांच की जा रही है। प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण नियंत्रण रखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, नो-एंट्री जोन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वर्ष 2026 में अब तक 38 भारी वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।
यातायात विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह सुनियोजित और निरंतर है, जिससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर हुई है और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है।
पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे नो एंट्री नियमों का पालन करें और प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों का प्रवेश न करें। यातायात नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
