युवा-युवती परिचय सम्मेलन पर हुई चर्चा
भिलाई : न्यूज़ 36 : रिसाली नगर निगम क्षेत्र के स्टेशन मरोदा स्थित श्री विश्वकर्मा कॉम्प्लेक्स में रविवार को छत्तीसगढ़ विश्वकर्मा समाज की प्रदेश कार्यकारिणी एवं दुर्ग-भिलाई जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के युवा-युवती परिचय सम्मेलन के आयोजन, संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता और समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता श्री विश्वकर्मा समाज कल्याण केंद्र, भिलाई-दुर्ग के अध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा ने की। इस दौरान छत्तीसगढ़ विश्वकर्मा समाज के प्रदेश अध्यक्ष एस.एन. विश्वकर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश शर्मा, आई.डी. शर्मा, संगठन महामंत्री संजीत विश्वकर्मा, रायपुर नगर निगम की पार्षद श्वेता विश्वकर्मा, आरती शर्मा, अमरनाथ शर्मा, सुरेंद्र शर्मा और मोहन शर्मा सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में प्रस्तावित युवा-युवती परिचय सम्मेलन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही समाज के लोगों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और सामाजिक हितों से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने समाज की एकजुटता और विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी चर्चा की।
बैठक का संचालन राकेश शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संजीत विश्वकर्मा ने किया।
