Monday, October 26, 2026

बी एस पी के ब्लास्ट फर्नेस 8 के ठेका श्रमिकों ने कराई 20 लाख की बचत

ठेका श्रमिकों की टीम ने अपने प्रयासों, कार्यकुशलता और संसाधनों के प्रति जिम्मेदारी का परिचय देते हुए मात्र तीन माह में लगभग 334 ड्रिल रॉड को रिकवर कर उन्हें पुनः उपयोग योग्य बनाया।

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-8 में कार्यरत ठेका श्रमिकों की टीम को अपने सराहनीय योगदान के लिए शनिवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीजीएम ब्लास्ट फर्नेस विवेक वर्मा, नवीन तिवारी, मनीष तिवारी, सत्यब्रत सुतार, पुरुषोत्तम मीना एवं ठेका श्रमिकों की टीम के लीडर अंसारी उपस्थित थे।
ब्लास्ट फर्नेस में हॉट मेटल उत्पादन की प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक टैपिंग में टैप होल खोलने के लिए ड्रिल रॉड का उपयोग किया जाता है। सामान्यतः प्रत्येक टैपिंग में लगभग एक ड्रिल रॉड की खपत होती है। ब्लास्ट फर्नेस-8 के ठेका श्रमिकों की टीम ने अपने प्रयासों, कार्यकुशलता और संसाधनों के प्रति जिम्मेदारी का परिचय देते हुए मात्र तीन माह में लगभग 334 ड्रिल रॉड को रिकवर कर उन्हें पुनः उपयोग योग्य बनाया। इस पहल से ड्रिल रॉड की खपत में कमी आई और संयंत्र को लगभग 20 लाख रुपये की आर्थिक बचत हुई।
समारोह के दौरान सीजीएम विवेक वर्मा ने उपस्थित सभी ठेका श्रमिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल संयंत्र की लागत कम करने में सहायक होती है, बल्कि संसाधनों के संरक्षण और कार्यकुशलता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने श्रमिकों को भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उत्पादन और लागत बचत के प्रयासों के साथ सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक कार्य को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही संपन्न किया जाना चाहिए।
ब्लास्ट फर्नेस-8 के ठेका श्रमिकों की यह पहल टीम भावना, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और लागत नियंत्रण का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि श्रमिकों की सक्रिय भागीदारी से संयंत्र की उत्पादकता बढ़ाने, संसाधनों की बचत करने और परिचालन दक्षता में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news