Thursday, October 22, 2026

IIT भिलाई का छठा दीक्षांत समारोह 24 अक्टूबर को, 313 स्टूडेंट्स को मिलेगी डिग्री

नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. विजय कुमार सारस्वत होंगे मुख्य अतिथि, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिलेंगे पदक और पुरस्कार

दुर्ग : न्यूज़ 36 : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) भिलाई का छठा दीक्षांत समारोह शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को संस्थान परिसर स्थित नालंदा हॉल में आयोजित किया जाएगा। समारोह में नीति आयोग के पूर्व सदस्य एवं प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. विजय कुमार सारस्वत मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे और दीक्षांत संबोधन देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता IIT भिलाई के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र कुमार विजय करेंगे।

डॉ. विजय कुमार सारस्वत रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (DDR&D) के पूर्व सचिव, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के पूर्व महानिदेशक तथा भारत सरकार के रक्षा मंत्री के पूर्व वैज्ञानिक सलाहकार रह चुके हैं। उनकी उपस्थिति समारोह को विशेष महत्व प्रदान करेगी।

313 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी डिग्रियां

दीक्षांत समारोह में वर्ष 2026 में स्नातक होने वाले कुल 313 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 19 पीएचडी, 37 एमएससी, 79 एमटेक, 8 बीटेक (ऑनर्स) और 170 बीटेक के विद्यार्थी शामिल हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी प्रतिभा को सम्मानित किर जाएगा।

मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे स्वर्ण पदक और पुरस्कार

विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए समारोह में विभिन्न पदक और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। संस्थान स्वर्ण पदक बीटेक के उस विद्यार्थी को दिया जाएगा, जिसने अपने बैच में सर्वाधिक सीजीपीए प्राप्त किया है।

वहीं, निदेशक स्वर्ण पदक बीटेक और एमटेक के उन विद्यार्थियों को प्रदान किए जाएंगे, जिन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ पाठ्येतर गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उत्कृष्ट छात्राओं के लिए निदेशक स्वर्ण पदक के तहत बीटेक, बीटेक (ऑनर्स) और एमएससी कार्यक्रमों में सर्वश्रेष्ठ समग्र शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाली छात्रा को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, विभिन्न शाखाओं और शैक्षणिक कार्यक्रमों में सर्वाधिक सीजीपीए हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सीनेट पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
IIT भिलाई का यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उत्सव होगा। साथ ही, यह संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news