भिलाई : न्यूज़ 36 : नेहरू आर्ट गैलरी, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर में आज गुरुवार से सेवानिवृत्त छायाकार कमलेश कुमार वर्मा की तीन दिवसीय एकल वन्यजीव छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का आरंभ मुख्य महाप्रबंधक अनुराग उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में होगा। प्रदर्शनी 24 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 5:30 से रात 8:30 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी। इसमें वन्यजीवों की प्राकृतिक सुंदरता, उनके व्यवहार और प्राकृतिक परिवेश को दर्शाते छायाचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। एसएमएस-2 विभाग से सेवानिवृत्त कमलेश कुमार वर्मा की साहित्य, पत्रकारिता और छायाचित्रण में शालेय जीवन से ही रुचि रही है। उनके छायाचित्र विभिन्न समाचार-पत्रों में प्रकाशित होते रहे हैं।
