Thursday, July 30, 2026

दुर्ग में शोरूम के सामने उद्योगपति की कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख पार

पुलगांव पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर

दुर्ग : न्यूज़ 36 : शहर में कार का शीशा तोड़कर नकदी चोरी करने की बड़ी वारदात सामने आई है। पुलगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाश ने सड़क किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे ₹4.90 लाख से भरा बैग पार कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलगांव पुलिस के अनुसार, मुक्त नगर निवासी एवं देव एग्रो इंडस्ट्रीज के संचालक प्रमोद महेश्वरी मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर से मारुति स्विफ्ट कार (CG-07-CR-7983) में एक काले रंग के बैग में ₹4.90 लाख नकद लेकर पार्टी को भुगतान करने निकले थे। उन्होंने कार को पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने लॉक कर खड़ा किया और अपने मित्र की दुकान जाने के लिए दूसरी मोटरसाइकिल से निकल गए।

इसके बाद वे मनमोहन स्वीट्स, इंदिरा मार्केट भी गए। इसी दौरान उत्सव शोरुम के संचालक अमरजीत सिंह ने उन्हें फोन कर बताया कि उनकी कार के बाईं ओर का आगे का शीशा टूटा हुआ है।

सूचना मिलते ही प्रमोद महेश्वरी मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ था और आगे की सीट पर रखा नगदी से भरा बैग गायब था। अज्ञात चोर पत्थर मारकर कार का शीशा तोड़ने के बाद बैग लेकर फरार हो चुका था।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 680/2026 दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303 (1) एवं 324(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news