14 मोबाइल फोन सहित ₹3.27 लाख की संपत्ति जब्त
भिलाई : न्यूज़ 36 : अवैध जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्सीपार पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने केएलसी स्थित काली मंदिर के पीछे एक मकान में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹77,650 नकद, 52 पत्तों की ताश और 14 टच स्क्रीन मोबाइल सहित कुल ₹3,27,650 की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि काली मंदिर के पीछे स्थित एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और 14 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें मनोज कुमार (39), राजीव कुमार (22), एम. राजू (36), सूरज महतो (29), जी. गौतम (29), किशोर कुमार साहू (31), शिवा राव (34), विकास गुप्ता (29), दिनेश बाग (35), अनिल (46), पवन कुमार (29), राजा (27), सैनी कुमार (37) और मंजीत सिंह (48) शामिल हैं। सभी आरोपी खुर्सीपार, छावनी और पुरानी भिलाई क्षेत्र के निवासी हैं।
नकदी, ताश और मोबाइल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹77,650 नकद, 52 पत्तों की ताश और 14 टच स्क्रीन मोबाइल फोन जब्त किए। मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब ₹2.50 लाख बताई गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना खुर्सीपार में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम-2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मकान मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
जुआ-सट्टा पर अभियान रहेगा जारी
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
